सरफराज अहमद बने टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच, टीम का भी ऐलान

IMG-20260418-WA0056

कराची: सरफराज अहमद को पाकिस्तान टेस्ट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा फैसला लेते हुए सरफराज की नियुक्ति की घोषणा की। सरफराज के साथ असद शफीक को बल्लेबाजी कोच और उमर गुल को गेंदबाजी कोच बनाया गया है।
पीसीबी ने बांग्लादेश के खिलाफ २ टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए १६ सदस्यीय टीम का भी ऐलान किया है, जिसकी कप्तानी शान मसूद करेंगे। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र का हिस्सा होगी, जिसमें पाकिस्तान फिलहाल पांचवें स्थान पर है। ऐसे में टीम बेहतर प्रदर्शन के साथ अपनी स्थिति सुधारने के लक्ष्य से मैदान में उतरेगी।
टीम में बाबर आज़म, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिज़वान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इस बार चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा दिखाया है। अब्दुल्ला फजल, अमाद बट, अजान अवैस और गाज़ी घोरी को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
इन खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह बनाई है। खास तौर पर बाएं हाथ के बल्लेबाज़ फजल और अवैस ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि अमाद बट एक ऑलराउंडर के रूप में टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच ८ से १२ मई तक शेर-ए-बंग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट १६ से २० मई तक सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। सीरीज से पहले पाकिस्तान के खिलाड़ी २७ अप्रैल से १ मई तक कराची में होने वाले ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेंगे।
पाकिस्तान की टेस्ट टीम इस प्रकार हैः
शान मसूद (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अमाद बट, अजान अवैस, बाबर आज़म, हसन अली, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद रिज़वान, गाज़ी घोरी, नोमान अली, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।

About Author

Advertisement