नई दिल्ली: इंग्लैंड के स्टार बैटर जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। रूट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में २३,००० रन पूरे करने वाले दुनिया के आठवें और इंग्लैंड के पहले बैटर बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सबसे तेज इस उपलब्धि तक पहुँचने के मामले में भारत के महान बैटर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। रूट ने अपनी ५२१वीं अंतरराष्ट्रीय पारी में इस उपलब्धि को हासिल किया। वहीं सचिन ने ५२२ पारियों में २३,००० अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे। इस उपलब्धि तक सबसे तेज पहुँचने का रिकॉर्ड भारत के ही विराट कोहली (४९० पारियां) के नाम है।
मैच में उतरने से पहले रूट को २३,००० अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए केवल ३ रन की आवश्यकता थी। उन्होंने फ्लिक शॉट से चौका लगाकर इस खास क्लब में जगह बनाई। इस विशेष क्लब में शामिल अन्य खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर (३४,३५७ रन), विराट कोहली (२८,३५९ रन), कुमार संगकारा (२८,०१५ रन), रिकी पोंटिंग (२७,४८३ रन), महेला जयवर्धने (२५,९५७ रन), जैक कैलिस (२५,५३४ रन) और राहुल द्रविड़ (२४,२०८ रन) हैं।
रूट ने कुछ समय पहले टेस्ट क्रिकेट में सचिन के सर्वाधिक अर्धशतक का रिकॉर्ड भी तोड़ा था। फिलहाल रूट टेस्ट क्रिकेट में सचिन के सर्वाधिक १५,९२१ रनों के करीब भी पहुँच रहे हैं। रूट टेस्ट क्रिकेट में १४,२७८ रन बना चुके हैं। इस तरह वह इस रिकॉर्ड से केवल १,६४३ रन पीछे हैं। रूट दिसंबर में ३६ साल के हो जाएंगे, लेकिन क्रिकेट में उनका शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने के सचिन के रिकॉर्ड से केवल ३१ मैच पीछे हैं। सचिन ने अपने स्वर्णिम टेस्ट करियर में २०० टेस्ट मैच खेले थे।
इंग्लैंड ने मंगलवार को खेले गए पहले वनडे क्रिकेट मैच में श्रीलंका को आसानी से ८९ रनों से पराजित किया। इस जीत के साथ मेजबान इंग्लैंड ने ३ मैचों की सीरीज में १-० की बढ़त हासिल कर ली। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ४८.१ ओवर में २६५ रन बनाकर ऑलआउट हो गया। जवाब में श्रीलंकाई टीम ३७ ओवर में केवल १७६ रन बनाकर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से सातवें नंबर पर खेलते हुए ऑलराउंडर दुनिथ वेल्लालगे ने सर्वाधिक ४५ रन बनाए। उन्होंने ३६ गेंदें खेलकर ५ चौके और २ छक्के लगाए। इसके अलावा कप्तान कुसल मेंडिस ने ४२ रनों का योगदान दिया।
इंग्लैंड के गेंदबाजों में स्पिनर विल जैक्स ने सर्वाधिक ५ विकेट लिए। इसके अलावा जेमी ओवरटन के खाते में २ विकेट आए। इससे पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक ने सर्वाधिक ६७ रन बनाए। उन्होंने ६९ गेंदें खेलकर ७ चौके लगाए। इसके अलावा विल जैक्स ने नाबाद ४६ और जो रूट ने ४४ रनों का योगदान दिया। जोस बटलर ३१ रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंकाई गेंदबाजों में असिथा फर्नांडो और सचिंदु कोलोम्बागे ने ३-३ विकेट लिए।





