न्यूजीलैंड द्वारा भारत के खिलाफ टी-२० सीरीज के लिए १६ सदस्यीय टीम की घोषणा

IMG-20260923-WA0046

​वेलिंगटन: न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ आगामी ५ टी-२० मैचों की सीरीज के लिए १६ सदस्यीय टीम की घोषणा की। मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम भारत के खिलाफ टी-२० सीरीज का पहला मैच २२ अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेलेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच ५ मैचों की टी-२० सीरीज ११ दिनों में चार शहरों में खेली जाएगी। यह सीरीज भारत के न्यूजीलैंड दौरे का हिस्सा होगी, जिसमें ५ वनडे और २ टेस्ट मैच भी शामिल हैं।
​न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए अब तक ७६ हजार से अधिक टिकट बिक चुके हैं। इस साल टी-२० विश्व कप में भारत के खिलाफ फाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड टीम के १३ खिलाड़ियों को आगामी सीरीज के लिए चुना गया है।
​चोट के कारण विश्व कप से बाहर रहे माइकल ब्रेसवेल और तेज गेंदबाज एडम मिलने की टीम में वापसी हुई है। ३४ वर्षीय मिलने ने अब तक २४३ टी-२० मैच खेले हैं, जिनमें ५६ अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं। वह एक साल से अधिक समय के बाद न्यूजीलैंड टीम में लौटे हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण में मिलने के साथ लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जेमिसन और जैकब डफी जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं। जैक फॉक्स और नाथन स्मिथ जैसे युवा तेज गेंदबाज भी टीम का हिस्सा होंगे।
​ऑलराउंडर रचिन रवींद्र दाहिने कंधे की चोट के कारण टी-२० सीरीज में शामिल नहीं होंगे। पिछले हफ्ते एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान उन्हें चोट लगी थी। उनकी चोट ठीक होने में लगभग ६ सप्ताह का समय लगेगा। हालांकि, भारत के खिलाफ ४ नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में उनके खेलने की संभावना है।
​टी-२० विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली फिन एलन और टिम सेफर्ट की सलामी जोड़ी को फिर से एक बार पारी की शुरुआत करते देखा जाएगा। टी-२० विश्व कप के बाद ये दोनों पहली बार शीर्ष क्रम में एक साथ उतरेंगे। पैर की चोट पूरी तरह से ठीक न होने के कारण तेज गेंदबाज बेन सियर्स के नाम पर विचार नहीं किया गया।
​भारत के खिलाफ टी-२० सीरीज के लिए घोषित न्यूजीलैंड टीम:
मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फॉक्स, मैट हेनरी, बेवन जेकब्स, काइल जेमिसन, एडम मिलने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट, नाथन स्मिथ।
​

About Author

Advertisement