जलपाईगुड़ी: आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जलपाईगुड़ी स्थित ऐतिहासिक जलपेश मंदिर का दौरा किया।
उत्तर बंगाल के प्रमुख पारंपरिक मेलों में से एक माना जाने वाला श्रावणी मेला इस वर्ष आगामी १९ जुलाई से जलपेश मंदिर में शुरू होने जा रहा है। मेले के दौरान हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु तीस्ता नदी के विभिन्न घाटों से पवित्र जल एकत्र करते हैं और मंदिर में स्थापित बाबा जलपेश्श्वर पर जलाभिषेक करते हैं।
मेले को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, स्थानीय विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का जमीनी निरीक्षण किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।










