व्यक्तिगत सौंदर्य देखभाल क्षेत्र में और मजबूत हुई इमामी की स्थिति, वेदिक्स और स्किनक्राफ्ट में बहुमत हिस्सेदारी का अधिग्रहण‎‎

_

कोलकाता: भारत के व्यक्तिगत देखभाल और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में से एक इमामी लिमिटेड ने इनकनट डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड तथा उसकी सहयोगी कंपनियों में ६० प्रतिशत हिस्सेदारी अधिग्रहण के लिए अंतिम समझौता पूरा कर लिया है। पूर्ण शेयर आधार पर इस सौदे का मूल्य लगभग ३२१ करोड़ रुपये रखा गया है। आगामी २४ महीनों के प्रदर्शन के आधार पर इस मूल्य में कुछ परिवर्तन की व्यवस्था भी की गई है।‎कंपनी की ओर से बताया गया है कि वर्तमान समझौता पूरा होने के बाद अगले साढ़े चार वर्षों में दो चरणों में इंकनट डिजिटल की शेष हिस्सेदारी का भी अधिग्रहण किया जाएगा। भविष्य के प्रदर्शन के निर्धारित मानकों के आधार पर उसका मूल्य तय किया जाएगा।‎इंकनट डिजिटल भारत के व्यक्तिगत रूप से अनुकूलित सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में से एक है। इसके प्रमुख ब्रांड वेदिक्स और स्किनक्राफ्ट आँकड़ा आधारित व्यक्तिगत समाधान और वैज्ञानिक तत्वों पर आधारित हैं। दोनों ब्रांड प्रत्यक्ष ग्राहक आधारित व्यवस्था के माध्यम से व्यक्तिगत आवश्यकताओं, जीवनशैली और इच्छित परिणामों के अनुसार अनुकूलित बाल और त्वचा देखभाल समाधान प्रदान कर लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं।‎वेदिक्स प्राचीन आयुर्वेदिक सिद्धांतों को आधुनिक आँकड़ा विश्लेषण के साथ जोड़कर व्यक्ति की प्रकृति और जीवनशैली के आधार पर उत्पाद तैयार करता है। दूसरी ओर, स्किनक्राफ्ट त्वचा रोग विशेषज्ञों की सलाह आधारित पद्धति अपनाते हुए वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित तत्वों के माध्यम से त्वचा और बालों की विशेष समस्याओं का समाधान प्रदान करता है।‎ दोनों ब्रांड उपभोक्ताओं के बीच मजबूत विश्वास, दोबारा उपयोग की प्रवृत्ति तथा तेजी से विकसित हो रहे व्यक्तिगत देखभाल बाजार में अलग पहचान बनाने में सफल रहे हैं। वर्तमान समय में व्यक्तिगत आवश्यकता आधारित और प्रभावी परिणाम देने वाले उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

इमामी लिमिटेड के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हर्ष वर्धन अग्रवाल ने कहा, “यह निवेश उच्च विकासशील सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल क्षेत्र में हमारी उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्तमान में बाजार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार प्रभावी समाधान देने वाली कंपनियों की संख्या अभी भी सीमित है। उपभोक्ताओं की पसंद अब प्रभावशीलता और व्यक्तिगत अनुकूलन की ओर बढ़ रही है। हमारा मानना है कि व्यक्तिगत सौंदर्य देखभाल क्षेत्र भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में दीर्घकालिक बड़ी संभावनाएं रखता है।”‎ उन्होंने आगे कहा, “वेदिक्स और स्किनक्राफ्ट हमारे सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों के दायरे को और समृद्ध बनाएंगे। आयुर्वेद और त्वचा विज्ञान पर आधारित ये ब्रांड हमारी भविष्य उन्मुख और उपभोक्ता केंद्रित रणनीति के अनुरूप हैं। द मैन कंपनी और ब्रिलारे के साथ यह अधिग्रहण तेजी से विकसित हो रहे व्यक्तिगत देखभाल बाजार में हमारी स्थिति को और मजबूत करेगा।”‎इस अवसर पर इंकनट डिजिटल के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी चैतन्य नल्लान ने कहा, “इमामी के साथ यह साझेदारी वेदिक्स और स्किनक्राफ्ट के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगी। इमामी के लंबे अनुभव और मजबूत कार्यान्वयन क्षमता के माध्यम से हम तेजी से नए नवाचार लाने, अधिक व्यापक बाजार तक पहुँच बनाने और व्यक्तिगत सौंदर्य देखभाल उद्योग के विकास में नेतृत्व करने में सक्षम होंगे।”

About Author

Advertisement