नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है।
वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल आगामी ३० मई को समाप्त हो रहा है। वह ३० मई से जनरल अनिल चौहान का स्थान लेकर पदभार ग्रहण करेंगे तथा रक्षा मंत्रालय के अधीन सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि १ सितंबर २०२५ से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह १ जुलाई २०२४ से ३१ जुलाई २०२५ तक सेना के उपप्रमुख तथा मार्च २०२३ से जून २०२४ तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्य कर चुके हैं।
३९ वर्षों की विशिष्ट सैन्य सेवा के बाद उन्होंने ३१ जुलाई २०२५ को सेना से सेवानिवृत्ति ली। वह सेंट्रल कमांड के जीओसी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। लंबे सैन्य अनुभव और महत्वपूर्ण पदों पर सेवा देने के लिए लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि विशेष रूप से जाने जाते हैं।
तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने १ जनवरी २०२० को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) का पद सृजित किया था। इसके बाद जनरल बिपिन रावत देश के पहले सीडीएस बने। उनका कार्यकाल १ जनवरी २०२० से ८ दिसंबर २०२१ तक रहा।
८ दिसंबर को केरल के कुन्नूर में हुए एक दुखद हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत का निधन हो गया था। इसके बाद ९ दिसंबर २०२१ से २९ सितंबर २०२२ तक यह पद रिक्त रहा।
सेवानिवृत्त जनरल अनिल चौहान को दूसरे सीडीएस के रूप में ३० सितंबर २०२२ को नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल ३० मई २०२६ को समाप्त हो रहा है। इसके बाद अब देश के तीसरे सीडीएस के रूप में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग के सचिव का दायित्व भी संभालेंगे।











