प्रशासनिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम
लेह: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उप-राज्यपाल विनय कुमार (वीके) सक्सेना ने क्षेत्र में पांच नए जिलों के गठन की घोषणा करते हुए इसे एक ऐतिहासिक निर्णय करार दिया है। नए जिल्लों के रूप में नुब्रा, शाम, चांगथांग, जास्कर और द्रास के नाम सामने आए हैं। वर्तमान में लद्दाख में केवल कारगिल और लेह नाम के दो ही जिल्ले अस्तित्व में थे, लेकिन इस नई अधिसूचना के लागू होने के बाद अब लद्दाख में कुल जिल्लों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी। उप-राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि अगस्त २०२४ में गृह मंत्रालय से मिली सैद्धांतिक मंजूरी के बाद अब इसे औपचारिक रूप दे दिया गया है।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस कदम को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे लद्दाख के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच और अधिक सुलभ हो सकेगी। वीके सक्सेना के अनुसार, प्रशासनिक ढांचे के विकेंद्रीकरण से न केवल जमीनी स्तर पर शासन मजबूत होगा, बल्कि जनता और सरकार के बीच की दूरी भी कम होगी। सरकार का मानना है कि इन नए जिलों के निर्माण से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार तथा उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे लद्दाख की लंबे समय से लंबित आकांक्षाएं पूरी हो सकेंगी।











