राज्यसभा में बड़ा राजनीतिक उलटफेर: आप के सात सांसद भाजपा में शामिल, एनडीए की ताकत बढ़ी

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v80), quality = 75?

नई दिल्ली: ​राज्यसभा में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तहत आम आदमी पार्टी के सात सांसदों का भारतीय जनता पार्टी में विलय हो गया है। राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने इस विलय को औपचारिक मंजूरी दे दी है, जिससे सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष का संख्या बल पूरी तरह बदल गया है। इस बदलाव के बाद राज्यसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या १०६ से बढ़कर ११३ हो गई है, जबकि आम आदमी पार्टी का कुनबा सिमटकर अब केवल तीन सांसदों तक रह गया है। भाजपा में शामिल होने वाले सांसदों में राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, अशोक कुमार मित्तल, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम शामिल हैं।
​इस नए समीकरण के बाद उच्च सदन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का कुल आंकड़ा १४८ तक पहुंच गया है, जिससे सदन में सरकार की स्थिति और अधिक मजबूत हो गई है। आम आदमी पार्टी की ओर से अब सदन में केवल संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह ही शेष बचे हैं। यह विलय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत संभव हुआ है, जिसके अनुसार यदि किसी विधायी दल के दो-तिहाई सदस्य दूसरे दल में शामिल होते हैं, तो उन पर दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई नहीं होती। गौरतलब है कि इससे पूर्व २०१९ में टीडीपी के सांसदों ने भी इसी प्रकार भाजपा में अपना विलय किया था।

About Author

Advertisement