मॉस्को: दक्षिणी रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल आर्खिपो-ओसिपोव्का के एक भीड़-भाड़ वाले बीच (रिसॉर्ट) पर ड्रोन गिरने से ३ बच्चों सहित ७ लोगों की मौत हो गई है। क्रास्नोदार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव के अनुसार, इस हादसे में ४० लोग घायल हुए हैं, जिनमें से १७ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काला सागर (Black Sea) के तट पर स्थित इस रिसॉर्ट में जब हमला हुआ, तब बड़ी संख्या में पर्यटक वहां मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले कोई सायरन नहीं बजा, लेकिन गोलीबारी और धमाके की आवाजें सुनी गईं। आशंका जताई जा रही है कि एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा निशाना बनाए जाने या सिग्नल जाम (इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर) होने के कारण ड्रोन बीच पर जा गिरा। रूसी अधिकारियों ने यूक्रेन पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है, जबकि यूक्रेन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।










