‎‎राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त संस्था की बदहाल स्थिति‎

FB_IMG_1778587521057

दिनहाटा: एक समय राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त संस्था रही उत्तरबंग राज्यीय परिवहन संस्था की हालत अब बेहद जर्जर होती जा रही है। कुछ वर्ष पहले तक दिनहाटा के कई मार्गों पर संस्था की अनेक बसें चलती थीं, लेकिन अब उन मार्गों पर परिवहन सेवा लगभग बंद हो चुकी है। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
‎संस्था की बस सेवा बंद होने के कारण लोगों को निजी छोटे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। यात्रियों ने राज्य की नई सरकार से दिनहाटा के विभिन्न ग्रामीण मार्गों पर परिवहन सेवा फिर से सामान्य करने की मांग की है। इन ग्रामीण मार्गों में दिनहाटा–चौधुरीहाट, दिनहाटा–सिताई, दिनहाटा–गीतालदह और दिनहाटा–शालमारा मार्ग शामिल हैं। दिनहाटा–चौधुरीहाट सीमांत मार्ग पर पहले कई बसें चलती थीं, लेकिन बाद में सभी सेवाएं बंद हो गईं।
‎विस्तृत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब निजी छोटे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। आरोप है कि संस्था की बसें बंद होने के कारण यात्रियों से अधिक किराया वसूला जा रहा है। चौधुरीहाट–काेचबिहार मार्ग पर संस्था की बस का किराया ४० रुपये था। लगभग तीन वर्ष पहले संस्था के तत्कालीन अध्यक्ष पार्थ प्रतिम राय ने स्थानीय लोगों की मांग पर दो बसें शुरू करवाई थीं। एक बस सुबह पौने नौ बजे दिनहाटा से चौधुरीहाट जाती थी और वहां से लगभग दस बजे चलकर दिनहाटा होते हुए कूचबिहार पहुंचती थी।
‎अब दोनों बसें बंद होने से यात्रियों को ६५ से ७० रुपये तक किराया देना पड़ रहा है। शाम के समय निजी वाहनों की संख्या कम होने पर किराया और बढ़ जाता है।
‎संस्था सूत्रों के अनुसार, दिनहाटा डिपो में लगभग ५५ चालकों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल ३९ चालक कार्यरत हैं। इसके अलावा सहायक कर्मचारियों की संख्या भी जरूरत से कम है। दूसरी ओर बसों की संख्या भी कम है।
‎चौधुरीहाट निवासी प्रदीप साहा ने बताया कि पहले एक सरकारी बस दिन में दो बार चलती थी, लेकिन वह भी पिछले एक वर्ष से बंद है। अब जहां पहले ४० रुपये में कूचबिहार जाया जाता था, वहीं निजी छोटे वाहनों में ६० रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
शाम के समय वाहन कम होने के साथ किराया भी बढ़ जाता है।
‎बामनहाट निवासी साहेब अली ने भी यही शिकायत करते हुए कहा कि प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से देखना चाहिए।
‎उत्तरबंग राज्यीय परिवहन संस्था के दिनहाटा डिपो प्रभारी यज्ञेश्वर राय ने बताया कि चालक, सहायक कर्मचारी और बसों की कमी के कारण चौधुरीहाट सहित पांच ग्रामीण मार्गों पर कई बस सेवाएं बंद हैं। आवश्यकता के अनुसार वाहन, चालक और सहायक कर्मचारी मिलने पर ग्रामीण मार्गों में फिर से परिवहन सेवा सामान्य की जा सकेगी।

About Author

Advertisement