नई दिल्ली: राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारतीय ए टीम में बदलाव किया गया है। चोट से जूझ रहे रजत पाटीदार ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को सूचित किया है कि वह फिलहाल ५० ओवर के प्रारूप में चयन के लिए उपलब्ध नहीं रह सकते। इसी कारण उन्हें टूर्नामेंट के लिए भारत ए टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रजत पाटीदार फिलहाल अपने पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) पर पूरा ध्यान देना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने ५० ओवर के प्रारूप में चयन के लिए उन पर विचार नहीं करने का अनुरोध किया है। इसके बाद एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए चयन समिति ने उनकी जगह आयुष बदोनी को मौका दिया है।
टीम में एक अन्य बदलाव नेतृत्व से जुड़ा है। चयन समिति ने रिंकू सिंह को भारत ए टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है। तिलक वर्मा टीम के कप्तान होंगे।
इस टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह जैसे अनुभवी बल्लेबाज शामिल हैं। टीम में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को भी जगह दी गई है।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत ए का पहला मुकाबला २० नवंबर को नेपाल के खिलाफ होगा। इसके बाद दूसरे मैच में भारत का सामना २२ नवंबर को पाकिस्तान ए टीम से होगा। वहीं, तीसरा और अंतिम मुकाबला २४ नवंबर को यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के खिलाफ खेला जाएगा।
दोहा में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत के पहले दो मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर ३:३० बजे से शुरू होंगे। वहीं, तीसरा मुकाबला सुबह ११:३० बजे से खेला जाएगा।





