ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम से बाहर हुए लाबुशेन, बेली ने की पुष्टि

IMG-20261109-WA0055

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ४ मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को टीम से बाहर रखने का फैसला किया है। मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने सोमवार को इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ३२ वर्षीय बल्लेबाज को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चयन में शामिल नहीं किया जाएगा।
लाबुशेन की जगह अब तीसरे नंबर पर कौन-सा बल्लेबाज खेलेगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऑस्ट्रेलियाई सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा, “फिलहाल हम पहले टेस्ट मैच के लिए मार्नस के चयन पर विचार नहीं करेंगे। टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि इस फैसले से लाबुशेन को सामान्य समय मिलेगा और शेफील्ड शील्ड क्रिकेट के अगले दौर के मुकाबलों से पहले इस चर्चा पर विराम लग जाएगा।
उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए टीम की घोषणा शेफील्ड शील्ड के अगले दौर के मुकाबलों के बाद की जाएगी। चयनकर्ताओं के अनुसार, अंतिम टीम में १४ खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।
लगातार खराब प्रदर्शन के कारण लाबुशेन को टीम से बाहर किया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उन्होंने ४ पारियों में शून्य, ४, १४, ३९, ३७ और ३७ रन बनाए थे। वर्ष २०२३ की एशेज सीरीज के बाद से वह टेस्ट क्रिकेट में एक भी शतक नहीं लगा सके हैं।
पिछली एशेज सीरीज के दौरान टीम में वापसी के बाद उन्होंने १० टेस्ट मैचों में केवल २३.६६ की औसत से रन बनाए हैं। वहीं, १६ पारियों में उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला है।
यह उस स्टार बल्लेबाज के प्रदर्शन में आई गिरावट है, जिसने अपने शुरुआती ३३ टेस्ट मैचों में ५९.४३ की औसत से १० शतक लगाए थे। एक समय लाबुशेन दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज भी रह चुके हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से वह अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।
लाबुशेन के बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर का स्थान खाली हो गया है। इस स्थान पर स्टीव स्मिथ के बल्लेबाजी करने की संभावना है, लेकिन इसके लिए उन्हें पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा।
गर्दन की चोट के कारण स्मिथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके थे। फिटनेस टेस्ट पास करने पर वह २२ नवंबर से क्वींसलैंड के खिलाफ शेफील्ड शील्ड का मुकाबला खेल सकते हैं।
मुख्य चयनकर्ता बेली ने यह भी स्पष्ट किया कि लाबुशेन के लिए अगले साल भारत और इंग्लैंड के दौरों के रास्ते बंद नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा, “इसकी संभावना अभी भी बनी हुई है। हम सभी जानते हैं कि मार्नस अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में कितने अच्छे और प्रभावशाली बल्लेबाज हो सकते हैं। लेकिन फिलहाल वह संघर्ष कर रहे हैं। वह व्यावहारिक सोच रखने वाले खिलाड़ी हैं और जानते हैं कि शीर्ष छह में खेलने वाले बल्लेबाज का मुख्य काम रन बनाना है। अभी वह अच्छी लय में नहीं हैं, लेकिन टीम के दरवाजे उनके लिए बंद नहीं हुए हैं।”
उल्लेखनीय है कि लाबुशेन अब शेफील्ड शील्ड में क्वींसलैंड की कप्तानी करेंगे।

About Author

Advertisement