रंगदारी और मारपीट के आरोप में टीएमसी नेता गिरफ्तार

default(1)

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित सालूगाड़ा बाजार में व्यापारियों से रंगदारी वसूलने और मारपीट करने के गंभीर आरोप में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेता संजय लिंबू को गिरफ्तार किया गया है। भक्तिनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को उन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीएमसी नेता संजय लिंबू और उनके सहयोगी लंबे समय से सालूगाड़ा बाजार के व्यापारियों से बाजार शुल्क वसूलते आ रहे थे। हालांकि, इस बार सिलीगुड़ी नगर निगम ने बाजार की सफाई और शुल्क वसूली का टेंडर रणजीत परिडा नामक व्यक्ति को दिया था। टेंडर दूसरे के नाम होने के बावजूद संजय लिंबू अपने समर्थकों के साथ बाजार पहुंचकर जबरन उगाही कर रहे थे, जिससे पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था।
​दर्ज शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम जब टेंडर धारक रणजीत परिडा व्यापारियों को कूपन देकर शुल्क जमा कर रहे थे, तभी संजय लिंबू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीएमसी नेता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

About Author

Advertisement