म्यूनिख: यूएफा चैंपियंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। जर्मनी के क्लब बायर्न म्यूनिख और पीएसजी के बीच बुधवार देर रात खेला गया सेमीफाइनल चरण के दूसरे लेग का मैच १-१ की बराबरी पर छूटा। हालांकि, अपने घरेलू मैदान पर खेले गए पहले लेग के मैच में ५-४ की ऐतिहासिक जीत हासिल करने के कारण, पीएसजी समग्र रूप से ६-५ के अंतर से विजेता बनकर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। अब ३० मई को बुडापेस्ट में होने वाले खिताबी मुकाबले में पीएसजी का सामना इंग्लिश प्रीमियर लीग की टीम आर्सेनल से होगा। आर्सेनल ने एटलेटिको मैड्रिड को एग्रीगेट में २-१ से हराकर पहले ही फाइनल का टिकट कटा लिया है।
अपने घरेलू मैदान एलियांज एरिना में ६२ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेल रही बायर्न म्यूनिख को खेल के शुरुआती पलों में ही बड़ा झटका लगा। ओस्मान डेम्बेले ने मैच के तीसरे मिनट में ही गोल कर पीएसजी को बढ़त दिला दी। मौजूदा बैलन डी’ओर विजेता स्टार फॉरवर्ड डेम्बेले ने खविचा ख्वारात्स्खेलिया के पास पर शानदार फिनिशिंग करते हुए पीएसजी को मैच में १-० और एग्रीगेट में ६-४ की बढ़त दिलाई। पहले लेग की हार के बाद बायर्न म्यूनिख से अपने घर में जबरदस्त वापसी की उम्मीद थी, लेकिन टीम उस तरह का आक्रमण नहीं कर सकी। माइकल ओलिसे, हैरी केन और जोशुआ किमिच ने पहले हाफ में कुछ अच्छे मौके गंवाए। इसके अलावा बायर्न के खिलाड़ियों ने पेनल्टी की मांग भी की, जिसे रेफरी ने खारिज कर दिया। मैच के ३०वें मिनट में पीएसजी के वितिन्हा के एक क्लीयरेंस के दौरान गेंद उनके साथी खिलाड़ी जोआओ नेवेस के हाथ से टकरा गई थी, लेकिन रेफरी जोआओ पिन्हेइरो ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
पीएसजी के पास दूसरा गोल करने का अवसर भी था, लेकिन बायर्न के गोलकीपर मैनुअल नुएर ने नेवेस के करीबी हेडर को बचाकर अपनी टीम की उम्मीदें बनाए रखीं। पहले हाफ के अंत में जमाल मुसियाला ने एक बेहतरीन मौका बनाया, जिसे पीएसजी के गोलकीपर मात्वे साफोनोव ने शानदार ढंग से रोक दिया। दूसरे हाफ में पीएसजी ने रक्षात्मक शैली अपनाते हुए काउंटर अटैक पर ध्यान केंद्रित किया। गोलकीपर नुएर ने ख्वारात्स्खेलिया और डिजीरे डुए के प्रहारों को रोककर बायर्न को मैच में बनाए रखा। हालांकि बायर्न का दबदबा कायम रहा, लेकिन टीम प्रभावी फिनिशिंग करने में विफल रही। अंत में, हैरी केन ने स्टपेज टाइम के चौथे मिनट में बायर्न के लिए बराबरी का गोल दागा, लेकिन यह पीएसजी को फाइनल में जाने से रोकने के लिए पर्याप्त नहीं था। यह केन का चैंपियंस लीग में लगातार सातवें मैच में गोल था। अब पीएसजी का लक्ष्य लगातार दूसरा चैंपियंस लीग खिताब जीतना होगा। टीम ने पिछले सीजन के फाइनल में इंटर मिलान को हराकर ट्रॉफी जीती थी। वहीं, बायर्न म्यूनिख ने २०२० के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने का मौका गंवा दिया है।










