हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को खेले गए आईपीएल २०२६ के मैच में पंजाब किंग्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके २२ वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली ने शतकीय पारी खेलकर इतिहास रच दिया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में कोनोली ने महज ५९ गेंदों में नाबाद १०७ रन बनाए।
इस विस्फोटक पारी के साथ ही वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले विदेशी क्रिकेटर बन गए हैं। कोनोली ने २२ साल २५७ दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर क्विंटन डी कॉक, डेविड वार्नर और डेविड मिलर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक के नाम था, जिन्होंने २०१६ में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से खेलते हुए २३ साल १२२ दिन की उम्र में शतक बनाया था।
कोनोली की यह पारी न केवल रिकॉर्डों के लिए, बल्कि दबाव में खेली गई एक यादगार टी२० पारी के रूप में भी दर्ज हुई, जिसमें उन्होंने ७ चौके और ८ छक्के जड़े। इसी के साथ उन्होंने पंजाब किंग्स की ओर से एक आईपीएल पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का अपना ही रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले इसी सीजन में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ७ छक्के लगाए थे।
साथ ही, उनका नाबाद १०७ रन का स्कोर सनराइजर्स के खिलाफ पंजाब के किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इस मामले में उन्होंने शिखर धवन और हाशिम अमला जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया है। भले ही पंजाब यह मैच जीत न सकी हो, लेकिन कोनोली की इस ऐतिहासिक पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।








