कोलकाता: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पर आईपीएल २०२६ में आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में जुर्माना लगाया गया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच के दौरान गुस्से में विकेट की गिल्लियां (बेल्स) गिराना हार्दिक के लिए महंगा साबित हुआ। आईपीएल की ओर से जारी बयान के अनुसार, हार्दिक पर मैच फीस का १० प्रतिशत जुर्माना लगाने के साथ ही उनके अनुशासनात्मक खाते में १ डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।
यह घटना केकेआर की पारी के १०वें ओवर की चौथी गेंद के बाद हुई। हार्दिक अपने रन-अप पर वापस लौट रहे थे और उसी समय उन्होंने गुस्से में विकेट की गिल्लियों पर हाथ मार दिया था। आईपीएल द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि हार्दिक पंड्या ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद २.२ का उल्लंघन किया है, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, ग्राउंड इक्विपमेंट या फिटिंग्स के दुरुपयोग से संबंधित है।
हार्दिक ने अपनी गलती के साथ मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया है। नियमों के अनुसार, यदि किसी खिलाड़ी के खाते में ४ से ७ डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं, तो उस खिलाड़ी को एक मैच के लिए निलंबित किया जा सकता है।
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल का यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है। मुंबई इंडियंस ने अब तक १३ मैच खेले हैं, जिनमें से उसे केवल ४ मैचों में जीत मिली है।











