इम्फाल: मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा पिछले २४ घंटों में चलाए गए कई अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता मिली है। मणिपुर पुलिस ने बताया कि गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर किए गए इन अभियानों में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक, संचार उपकरण और मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। साथ ही एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।चंदेल जिले के मलचम थाना क्षेत्र के खांगतोंग ग्रामीण इलाके में चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने एक बड़ा हथियार भंडार बरामद किया। बरामद सामग्री में ७.६२ कैलिबर की असॉल्ट राइफल, चार सिंगल बैरल राइफल, एक मौजर प्रकार की स्पोर्टिंग राइफल, एक शॉटगन, एक सब मशीनगन, एक पिस्तौल, चार पम्पी, तीन ग्रेनेड, तीन डेटोनेटर, पांच वायरलेस सेट, विभिन्न कैलिबर के २८ जिंदा कारतूस और ५ बारह बोर कारतूस शामिल हैं।इसी तरह, तेंगनौपाल जिले के तेंगनौपाल थाना क्षेत्र में एक अन्य अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने मादक पदार्थ और एक वाहन जब्त किया। बरामद सामग्री में ब्राउन शुगर से भरे दो साबुन के डिब्बे, १२ किलोग्राम वजन वाले १० प्लास्टिक पैकेट टैबलेट और एक चार पहिया वाहन शामिल है।इसके अलावा विष्णुपुर जिले के उपोकपी मयाई लेकाई क्षेत्र में अभियान चलाकर सुरक्षा बलों ने एक सक्रिय सशस्त्र संगठन के सदस्य और हथियार तस्कर ख्वैराकपम दोरेन सिंह (४२) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है।अधिकारियों ने बताया कि इन सभी मामलों में विस्तृत जांच जारी है और सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा।










