नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ‘वेपिंग’ (ई-सिगरेट) करते पाए जाने के बाद रियान पर मैच फीस का २५ प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही आईपीएल की आचार संहिता के लेवल १ के उल्लंघन के लिए उनके खाते में १ डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ २३३ रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान रियान का ड्रेसिंग रूम में धूम्रपान करते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
वायरल वीडियो में रियान के साथ यशस्वी जयसवाल और कुलदीप सेन जैसे खिलाड़ी भी नजर आ रहे हैं। आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, रियान ने आचार संहिता के अनुच्छेद २.२१ का उल्लंघन किया है, जो खेल भावना के विपरीत आचरण से संबंधित है। रियान ने मैच रेफरी अमित शर्मा के समक्ष अपनी गलती स्वीकार कर ली है। आईपीएल २०२६ सीजन के लिए रियान का अनुबंध १४ करोड़ रुपये का है, जिसके आधार पर प्रति मैच उनकी फीस लगभग १ करोड़ रुपये बैठती है; इस नाते उन्हें करीब २५ लाख रुपये का जुर्माना भरना होगा। उल्लेखनीय है कि भारत में ‘द प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट (पीईसीए), २०१९’ के तहत वेपिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है। राजस्थान रॉयल्स वर्तमान में १२ अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है और उसका अगला मुकाबला १ मई को दिल्ली कैपिटल्स के साथ होना है।









