अंकुरित अनाज और दालें पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं, यह बात सभी जानते हैं। अंकुरित अनाज और दालों में लगभग सभी प्रकार के विटामिन और खनिज तत्व पाए जाते हैं। गेहूं, मक्का, जौ, बाजरा, साबुत मूंग, लाल और सफेद लोबिया, मूंगफली, मटर, मसूर, काले चने आदि अनाज और दालों को आसानी से अंकुरित किया जा सकता है।कैसे करें अंकुरित:दाल या अनाज को अच्छी तरह साफ करके धो लें और लगभग ८ से १२ घंटे तक पानी में भिगोकर रखें। बीच-बीच में पुराना पानी निकालकर ताजा पानी डालते रहें। इसके बाद पानी निकालकर साफ बर्तन में अनाज या दाल रख दें। ध्यान रखें कि बर्तन में मात्रा एक-चौथाई से अधिक न हो, ताकि अनाज या दाल अच्छी तरह फूल सके।बर्तन को ऐसे स्थान पर रखें जहां अधिक ठंड न हो, क्योंकि अंकुर निकलने के लिए गर्म और अंधेरा वातावरण उपयुक्त होता है। बर्तन को पूरी तरह ढककर न रखें, थोड़ी जगह खुली रखें ताकि हवा का संचार बना रहे। जब दाल या अनाज से सफेद अंकुर निकल आएं, तो उन्हें ताजा बनाए रखने के लिए ठंडे स्थान पर रखें और चार से पांच दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है।सावधानियां:अंकुरित दालों को लंबे समय तक बिना पानी बदले न रखें, इससे अधिक किण्वन हो सकता है और स्वाद खराब हो सकता है। ठंडे और प्रकाश वाले स्थानों पर अंकुर सही ढंग से नहीं निकलते।अंकुरित भोजन के लाभ:अंकुरित अनाज और दालों में विटामिन, खनिज और प्रोटीन की मात्रा कई गुना बढ़ जाती है। यह आसानी से पच जाते हैं और इनमें पर्याप्त रेशा तथा जल तत्व होता है। दालों को अंकुरित करने से गैस बनने की संभावना लगभग ९० प्रतिशत कम हो जाती है।अंकुरित दालों को तलकर या भूनकर नहीं खाना चाहिए, क्योंकि इससे इनके पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। इन्हें कच्चा खाना ही बेहतर होता है। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा काला नमक और नींबू का रस मिलाया जा सकता है। इसके अलावा खीरा, प्याज, टमाटर, नींबू, नमक और हरा धनिया मिलाकर सलाद के रूप में खाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।









