मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में क्वालीफाई करने की रेस में भारत फिलहाल थोड़ा पिछड़ गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में जीत दर्ज करना भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होगा।
डब्लूटीसी के पहले दो संस्करणों में फाइनल खेलने वाली भारतीय टीम फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर खिसक गई है। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को अब अपने बाकी लगभग सभी मैच जीतने होंगे। जनवरी २०२७ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ५ मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज से ठीक पहले भारतीय टीम २ टेस्ट, ५ वनडे और ५ टी-२० मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का दौरा करेगी।
द्रविड़ ने एक साक्षात्कार में कहा, “मुझे उम्मीद है कि भारत फाइनल में पहुंचेगा। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अगर टीम क्वालीफाई कर पाती है तो यह एक असाधारण उपलब्धि होगी।”
पूर्व कप्तान ने टीम का बचाव करते हुए आगे कहा, “भारत अभी थोड़ा पीछे जरूर है, लेकिन यह टीम बेहद खास है और इसे किसी भी स्तर पर हल्का में नहीं लिया जा सकता। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत ने अच्छी शुरुआत की है।” श्रीलंका के खिलाफ २ टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत १-० से आगे है और कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट में भी शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम मजबूत स्थिति में है।
अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे पर द्रविड़ ने कहा कि संन्यास ले चुके दिग्गजों की कमी खलेगी। उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड में उनके खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। कई युवा खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों का अनुभव नहीं है। हमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी निश्चित रूप से महसूस होगी।”
द्रविड़ ने यह भी चेतावनी दी कि इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज भी आसान नहीं होगी, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भारत में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक रहेंगे।











