सिलीगुड़ी: अन्नपूर्णा योजना और अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से पात्र महिलाओं को बाहर किए जाने के विरोध में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वुमेन्स एसोसिएशन (एआईडीडब्ल्यूए) ने मंगलवार को सिलीगुड़ी में विरोध प्रदर्शन किया।
संगठन की ओर से बाघाजतिन पार्क से एक विशाल रैली निकाली गई, जो सिलीगुड़ी नगर निगम (एसएमसी) परिसर तक पहुंची। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नगर निगम के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इसके बाद संगठन के ५ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को परिसर के भीतर जाने की अनुमति दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। संगठन का आरोप है कि सत्यापन प्रक्रिया में धांधली या लापरवाही के कारण वास्तविक रूप से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जांच प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और सभी पात्र महिलाओं को सूची में शामिल किया जाए। दूसरी ओर, नगर निगम प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि इस संबंध में शीघ्र ही उचित कदम उठाए जाएंगे।











