कोलकाता: भारतीय सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना और नियमित कैडर के तहत ऑनलाइन साझा प्रवेश परीक्षा (सीईई) आगामी १ जून से शुरू होने जा रही है। भर्ती वर्ष २०२६-२७ के लिए आयोजित होने वाली यह परीक्षा १२ जून तक चलेगी। रक्षा मंत्रालय के प्रेस सूचना ब्यूरो (रक्षा विंग) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पश्चिम बंगाल के आठ प्रमुख शहरों- आसनसोल, दुर्गापुर, हुगली, हावड़ा, कल्याणी, कोलकाता, पश्चिम मिदनापुर और सिलीगुड़ी में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। पूर्णतः कंप्यूटर आधारित प्रणाली पर होने वाली इस परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया गत १० अप्रैल को संपन्न हो चुकी है।
सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) डाउनलोड कर सकते हैं। सेना ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों को तकनीकी या अन्य कारणों से अब तक प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, वे अविलंब अपने निकटतम सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को ऑनलाइन परीक्षा के प्रारूप से अवगत कराने के लिए वेबसाइट पर ‘मॉक टेस्ट’ और आवश्यक निर्देश भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस लिखित परीक्षा में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण की भर्ती रैली और शारीरिक दक्षता परीक्षण के संबंध में पृथक रूप से सूचित किया जाएगा। सेना ने भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उम्मीदवारों को दलालों और फर्जी एजेंटों के झांसे में न आने की कड़ी चेतावनी दी है।











