दार्जिलिंग: लोक निर्माण (पीडब्लुडी) एवं लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) मंत्री डॉ. अजय पोद्दार की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान मंत्री डॉ. पोद्दार ने पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. पोद्दार ने जनजीवन में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करना चाहिए, ताकि आम लोगों की समस्याएं सरकार तक पहुँच सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे।
उन्होंने क्षेत्र के त्वरित विकास और भ्रष्टाचार मुक्त पहाड़ी क्षेत्र के निर्माण के लिए सभी से सहयोग की अपील की। मंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास ही पार्टी की असली ताकत है, जिसे केवल ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा के माध्यम से ही हासिल किया जा सकता है।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेदु अधिकारी के नेतृत्व में विकास, पारदर्शी शासन और जनसेवा के प्रति भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यकर्ताओं ने इस संदेश को दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुआर्स के प्रत्येक वार्ड और गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।





