कुरुक्षेत्र हत्या के तीन आरोपी नेपाल भागने की कोशिश के दौरान बागडोगरा में गिरफ्तार

kurukshetra-1789994948392_m

​सिलीगुड़ी: हरियाणा में हत्या की वारदात को अंजाम देकर नेपाल भागने की फिराक में लगे तीन आरोपियों को पुलिस ने बागडोगरा से गिरफ्तार कर लिया है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) और बागडोगरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुनी मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 31 से तीनों को धर दबोचा।
​गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनदीप सिंह, करण कौशल और आशीष सिंह के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के रहने वाले हैं।
​पुलिस के अनुसार, १४ सितंबर की रात हरियाणा के कुरुक्षेत्र में वाहन हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह और उनके रिश्तेदार गगनदीप सिंह पर लाठियों व तलवारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत सिंह की इलाज के दौरान शनिवार सुबह मौत हो गई। दर्दनाक बात यह है कि यह वारदात गुरप्रीत सिंह के जन्मदिन वाले दिन ही घटी थी।
​घटना के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।
​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पहले भूटान भागे थे और फिर सिलीगुड़ी में एक ठिकाने पर शरण ली थी। वहां से वे बागडोगरा के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।
​पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर हरियाणा पुलिस के हवाले करने की तैयारी कर रही है।

About Author

Advertisement