बुमराह को पछाड़कर नंबर १ टेस्ट गेंदबाज बने मिचेल स्टार्क

IMG-20260826-WA0084

दुबई: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अपने करियर में पहली बार नंबर १ टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले स्टार्क ने भारत के जसप्रीत बुमराह को शीर्ष स्थान से हटा दिया है।
​दूसरी ओर, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ६ स्थानों के सुधार के साथ बल्लेबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से ७वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
​३६ वर्षीय तेज गेंदबाज स्टार्क के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने अपने १५ साल के टेस्ट करियर में पहली बार आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है। बांग्लादेश के खिलाफ मैके में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में स्टार्क ने १० विकेट लिए थे। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने बुमराह और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को पीछे छोड़ दिया।
​जसप्रीत बुमराह ने फरवरी २०२४ में पहली बार टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद लगभग ढाई साल तक उन्होंने शीर्ष स्थान और उसके आसपास अपना वर्चस्व बनाए रखा। बुमराह ने फरवरी २०२४ के बाद लगभग ६९७ दिन नंबर १ गेंदबाज के रूप में बिताए। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा न लेने के कारण उन्हें रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है और वह अब दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जबकि हेनरी एक स्थान गिरकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
​ऑस्ट्रेलिया के अन्य गेंदबाजों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। कप्तान पैट कमिंस ने बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में ६ विकेट लेकर १ स्थान के सुधार के साथ ४था स्थान हासिल किया है। वहीं, अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन १०वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस तरह टेस्ट गेंदबाजों की टॉप १० रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ३ खिलाड़ी शामिल हैं।
​भारतीय टीम के लिए बल्लेबाजों की रैंकिंग में सबसे बड़ा फायदा ऋषभ पंत को हुआ है। गॉल टेस्ट की पहली पारी में आक्रामक अर्धशतक बनाने वाले पंत ६ स्थानों की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से ७वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन भी संयुक्त रूप से ७वें स्थान पर हैं। पंत के इस सुधार से बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप १० में भारत की स्थिति और मजबूत हुई है। अनुभवी केएल राहुल ने भी अपनी रैंकिंग में ५ स्थानों का सुधार कर ३०वां स्थान हासिल किया है।
​इंग्लैंड के हैरी ब्रुक टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं, जबकि दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और ट्रैविस हेड क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
​पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड के ओली रोबिन्सन और जोश टंग ने मिलकर १६ विकेट चटकाए थे। इसका फायदा दोनों को मिला है—रोबिन्सन १५ स्थान चढ़कर ११वें और टंग १६ स्थान सुधरकर १७वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
​टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग के शीर्ष स्थान में कोई बदलाव नहीं हुआ है और भारत के अनुभवी रवींद्र जडेजा नंबर १ स्थान पर बने हुए हैं।

About Author

Advertisement