दूसरे टेस्ट मैच में जीत के करीब भारत, श्रीलंका संकट में

IMG-20260826-WA0106

कोलंबो: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच जीतने के करीब पहुंच गई है। बुधवार को चौथे दिन फॉलोऑन का सामना कर रही श्रीलंका ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में ६ विकेट पर २२९ रन बनाए हैं। इस तरह मेजबान टीम के पास अभी केवल १६ रन की मामूली बढ़त है।
​बुधवार को खेल खत्म होने तक सोनल दिनुषा ७ और केशारा नुवांता ३ रन बनाकर खेल रहे थे।
​भारत ने ९ विकेट पर ५०३ रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी २९० रन पर सिमट गई, जिससे भारत को पहली पारी के आधार पर २१३ रन की विशाल बढ़त हासिल हुई और श्रीलंकाई टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
​श्रीलंका की दूसरी पारी में आज पासिंदु सूरियाबंदारा (९२) और कामिंडु मेंडिस (५५) ने अर्धशतक जरूर जड़े, लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सका। दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों में मानव सुथार ने सर्वाधिक २ विकेट लिए।
​श्रीलंका की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम का स्कोर ६३ रन पहुंचते-पहुंचते २ विकेट गिर चुके थे। ओपनर लाहिरू उदारा ३ रन बनाकर और कामिल मिशारा ३२ रन बनाकर आउट हुए। दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद सूरियाबंदारा और मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए ११५ रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मेंडिस ने ८७ गेंदों में और सूरियाबंदारा ने ७८ गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
​अंततः प्रसिद्ध कृष्णा ने ९२ गेंदों में ५५ रन (३ छक्के, २ चौके) बनाने वाले मेंडिस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
​मेंडिस के आउट होने के बाद भी सूरियाबंदारा ने रन बनाना जारी रखा और वह अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, चाय (टी) ब्रेक के बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए ३ विकेट झटके। कप्तान धनंजय डी डीवा २३ रन बनाकर सुथार का शिकार बने और इसके तुरंत बाद सूरियाबंदारा भी आउट हो गए। उन्होंने १७३ गेंदों का सामना करते हुए १० चौकों और १ छक्के की मदद से ९२ रन बनाए। इसके बाद सारांश जैन ने निरोशन डिकवेला (६) को आउट कर श्रीलंका को छठा झटका दिया।
​भारत के पास श्रीलंका की पारी समेटने के लिए लगभग १ घंटे का समय बचा था, लेकिन बारिश के कारण खेल जल्दी समाप्त घोषित कर दिया गया।
​इससे पहले, मंगलवार के स्कोर ८ विकेट पर २६५ रन से आगे खेलते हुए श्रीलंका ने आज अपनी पहली पारी में २५ रन और जोड़कर बाकी बचे २ विकेट गंवा दिए। तीसरे दिन ८५ रन पर अविजित रहे सोनल दिनुषा ने आज अपना शतक पूरा किया। दिनुषा ने १६२ गेंदों में १०३ रन बनाए, जिसमें ८ चौके और ३ छक्के शामिल रहे, जबकि लाहिरू कुमारा १२ रन बनाकर आउट हुए।

About Author

Advertisement