नई दिल्ली: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान इसी महीने भारत की औपचारिक यात्रा पर आ सकते हैं। नई दिल्ली और ढाका के बीच उनके दो दिवसीय संभावित दौरे को लेकर कूटनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है। भारत ने शुरुआती तौर पर अगस्त के तीसरे सप्ताह में दो दिन की यात्रा का प्रस्ताव दिया है, हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का प्रत्यर्पण इस दौरे की राह में सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
बांग्लादेश सरकार ने दिल्ली में शेख हसीना को ‘राजनीतिक गतिविधियों की इजाजत’ दिए जाने पर एतराज जताया है। ढाका का कहना है कि द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए संवेदनशील मुद्दों, खासकर शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर भारत की ओर से मजबूत आश्वासन की जरूरत है। इस बीच बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और बांग्लादेशी विदेश मंत्री खलीलुर रहमान के बीच संभावित यात्रा और अन्य द्विपक्षीय मामलों पर चर्चा हुई है।
इस साल फरवरी में बांग्लादेश के पीएम का पद संभालने के बाद तारिक रहमान ने चीन का दौरा किया था, लेकिन वे अब तक भारत नहीं आए हैं। राजनयिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह दौरा होता है और पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक होती है, तो भारत-बांग्लादेश संबंधों में जमी बर्फ पिघलेगी और बातचीत का एक नया राजनीतिक रास्ता खुलेगा।











