नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का बल्ला खामोश है, लेकिन टीम मैनेजमेंट उनके साथ मजबूती से खड़ा है। सीजन की ६ पारियों में महज ६१ रन बनाने वाले पराग की फॉर्म पर उठ रहे सवालों के बीच बैटिंग कोच विक्रम राठौर ने उनका पक्ष लिया है। राठौर का मानना है कि पराग के खेल में कोई तकनीकी कमी नहीं है, बल्कि यह सिर्फ एक खराब दौर है।
विक्रम राठौर ने कहा, “मेरा मानना है कि यह केवल समय की बात है। कोई भी खिलाड़ी हर मैच में रन नहीं बना सकता। हमें पूरा भरोसा है कि वह जल्द ही फॉर्म में लौटेंगे और अपने दम पर मैच जिताएंगे।” कोच ने यह भी स्पष्ट किया कि पराग हाल ही में चोट से उबरकर लौटे हैं, जिसकी वजह से उनकी लय प्रभावित हुई है। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की कमी के कारण उन्हें सेट होने में थोड़ा समय लग रहा है।
इस सीजन में पराग ने अब तक नाबाद १४, ८, २०, ३, ४ और १२ रन बनाए हैं। राजस्थान के लिए ओपनर्स तो अच्छा कर रहे हैं, लेकिन मिडिल ऑर्डर की विफलता सिरदर्द बनी हुई है। केकेआर के खिलाफ अच्छी शुरुआत के बाद भी टीम सिर्फ १५५ रन ही बना सकी। लगातार दो हार के बाद पराग की कप्तानी पर भी उंगलियां उठने लगी हैं। पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने रवींद्र जडेजा के इस्तेमाल को लेकर पराग की रणनीति की आलोचना की है। अब देखना होगा कि लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ अगले मैच में कप्तान पराग आलोचकों को कैसे जवाब देते हैं।










