तिलक वर्मा का तूफानी शतक, मुंबई इंडियंस ने गुजरात को ९९ रनों से रौंदकर दर्ज की जीत

IMG-20260420-WA0115

अहमदाबाद: आईपीएल २०२६ के शुरुआती चार मैचों में हार का स्वाद चखने वाली मुंबई इंडियंस ने आखिरकार शानदार वापसी की है। सोमवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई ने तिलक वर्मा के धमाकेदार शतक और अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी की बदौलत गुजरात टाइटन्स को ९९ रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।
​अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। हालांकि, तिलक वर्मा ने मोर्चा संभालते हुए महज ४५ गेंदों में ८ चौकों और ७ छक्कों की मदद से नाबाद १०१ रनों की पारी खेली। तिलक के इस शतक के दम पर मुंबई ने २० ओवर में १९९ रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। नमन धीर ने भी ४५ रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव १५-१५ रन ही बना सके। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने ३ विकेट चटकाए।
​२०० रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की टीम मुंबई की सटीक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। टीम १५.५ ओवर में महज १०० रन पर ऑलआउट हो गई। पारी की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने साई सुदर्शन को शून्य पर पवेलियन भेजकर गुजरात की कमर तोड़ दी। वाशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक २६ रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल (१४) और जोस बटलर (६) फ्लॉप रहे। मुंबई के लिए अश्विनी कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने ४ विकेट लिए। एएम गजनफार और मिचेल सेंटनर ने २-२ विकेट हासिल किए। इस बड़ी जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है।

About Author

Advertisement