रियो डी जेनेरियो: फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के लिए ब्राजील ने अपनी २६ सदस्यीय अंतिम टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें सबसे बड़ी खबर स्टार फॉरवर्ड नेमार की वापसी है। ३४ वर्षीय नेमार लगभग ढाई साल के लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच २०२३ में उरुग्वे के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर के दौरान खेला था, जहां उनके एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) में गंभीर चोट लग गई थी। चोट से उबरने के बाद अपने बचपन के क्लब सेंटोस में लौटकर नेमार ने असाधारण प्रदर्शन किया है। पिछले साल जनवरी से अब तक उन्होंने ३८ मैचों में १७ गोल दागकर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है। चोटों से भरे करियर के बावजूद नेमार अब अपने चौथे वर्ल्ड कप में जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने सोमवार शाम रियो डी जेनेरियो में आयोजित एक कार्यक्रम में ५५ प्रारंभिक खिलाड़ियों की सूची में से अंतिम २६ खिलाड़ियों के नामों का एलान किया। इस दौरान एंसेलोटी ने स्पष्ट किया कि नेमार को केवल बैकअप के रूप में नहीं चुना गया है, बल्कि वे अपनी खेल कुशलता से टीम में नई ऊर्जा भरने की क्षमता रखते हैं। कोच ने कहा कि नेमार मैदान पर चाहे १ मिनट खेलें या पूरे ९० मिनट, उनकी खेल की गुणवत्ता टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी, हालांकि टीम ट्रॉफी जीतने के लिए केवल एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहेगी।
ब्राजील फुटबॉल इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी नेमार ने अब तक १२८ अंतरराष्ट्रीय मैचों में ७९ गोल किए हैं। बार्सिलोना और पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) जैसे दुनिया के शीर्ष क्लबों का प्रतिनिधित्व कर चुके नेमार अब विनिसियस जूनियर, राफिन्हा और एंड्रिक जैसे युवा सितारों के साथ मिलकर ब्राजील को छठी बार वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे। ब्राजीलियाई फॉरवर्ड लाइन में विनिसियस जूनियर, राफिन्हा, एंड्रिक, इगोर थियागो और गेब्रिएल मार्टिनेली जैसे कई मजबूत विकल्प मौजूद हैं, जबकि मिडफील्ड में टीम ने केवल ५ खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिल रहा है, जहां बोर्नमाउथ के रायान अंतिम टीम में जगह बनाने में सफल रहे, वहीं चेल्सी के जोआओ पेड्रो को मौका नहीं मिल सका। इसके अलावा चोट के कारण रियल मड्रिड के फॉरवर्ड रोड्रिगो, डिफेंडर एडर मिलिटाओ और चेल्सी के इस्टावियो पहले ही वर्ल्ड कप की रेस से बाहर हो चुके हैं। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह फीफा वर्ल्ड कप ११ जून से १९ जुलाई तक खेला जाएगा। ग्रुप सी में शामिल ब्राजील अपने अभियान की शुरुआत १३ जून को मोरक्को के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करेगी, जहां उसके ग्रुप में हैती और स्कॉटलैंड जैसी टीमें भी मौजूद हैं।
फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के लिए घोषित ब्राजील की अंतिम टीम में गोलकीपर के रूप में एलिसन, एडरसन और वेवरटन को शामिल किया गया है। रक्षापंक्ति यानी डिफेंडर्स की जिम्मेदारी एलेक्स सैंड्रो, ब्रेमर, डैनिलो लुइस, डगलस सैंटोस, गेब्रिएल मागल्हाएस, रोजर इबानेज, लियो परेरा, मार्क्विनहोस और वेस्ले को सौंपी गई है। मिडफील्ड को मजबूती देने के लिए ब्रूनो गुइमारेज, कासेमिरो, डैनिलो सैंटोस, फैबिन्हो और लुकास पाक्वेटा टीम का हिस्सा बने हैं, जबकि आक्रमण पंक्ति यानी फॉरवर्ड लाइन का जिम्मा एंड्रिक, गेब्रिएल मार्टिनेली, इगोर थियागो, लुइस हेनरिके, माथेउस कुन्हा, नेमार, राफिन्हा, रेयान और विनिसियस जूनियर के कंधों पर रहेगा।









