न्यूयोर्क: स्विट्जरलैंड के महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर भले ही पेशेवर टेनिस से संन्यास ले चुके हों, लेकिन मंगलवार रात न्यूयोर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में प्रशंसकों को उन्हें एक बार फिर पुराने अंदाज में देखने का मौका मिला। पांच बार के यूएस ओपन चैंपियन फेडरर ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी अमेरिका के एंडी रडिक को प्रदर्शनी मैच में ६-३ से हराकर अपने स्वर्णिम दिनों की यादें ताजा कर दीं।
साल २०१९ के बाद पहली बार आर्थर ऐश स्टेडियम के कोर्ट पर कदम रखने वाले ४५ वर्षीय फेडरर का स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। महज ३५ मिनट तक चले इस एक सेट के मैच में कोई रैंकिंग या ग्रैंड स्लैम का दबाव नहीं था, फिर भी फेडरर ने अपने शानदार बैकहैंड और पासिंग शॉट्स से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
एकल मैच में जीत दर्ज करने के बाद फेडरर ने युगल (डबल्स) मैच में भी हिस्सा लिया। फेडरर और जॉन मकेनरॉ की जोड़ी ने एंडी रडिक और आंद्रे अगासी की जोड़ी को ७-५ से हराया। २००४ से २००८ तक लगातार पांच बार यूएस ओपन का खिताब जीतने वाले फेडरर के लिए यह पल बेहद भावुक था। उन्होंने कहा कि न्यूयोर्क और इस कोर्ट के साथ उनकी अद्भुत यादें जुड़ी हुई हैं। वहीं रडिक ने भी कहा कि मैदान पर प्रतिद्वंद्विता के बावजूद उन दोनों के बीच की गहरी दोस्ती हमेशा कायम रहेगी।









