नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल टीम को ब्राजील के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मैच से पहले एक और बड़ी चुनौती मिली है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के अनुसार, भारत २६ सितंबर को अपने घरेलू मैदान पर पानामा के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दोस्ताना मैच खेलेगा। मैच के आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी।
२०२६ फीफा विश्व कप में भाग ले चुकी पानामा टीम फिलहाल फीफा रैंकिंग में ४४वें स्थान पर है। ऐसे में ५ बार की विश्व कप विजेता ब्राजील से भिड़ने से पहले शीर्ष ५० में शामिल टीम के खिलाफ खेलना मुख्य कोच खालिद जमील की टीम के लिए अपनी तैयारियों और स्तर को परखने का बेहतरीन मौका होगा।
भारत और पानामा के बीच यह पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला होगा, जबकि ‘कॉन्काकैफ’ प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ भारत का यह ९वां मैच होगा। पानामा के खिलाफ यह मुकाबला विश्व कप खेलने वाली टीमों के खिलाफ प्रस्तावित ४ मैचों की श्रृंखला की शुरुआत करेगा। इसके बाद भारतीय टीम ३ अक्टूबर को ब्राजील और १२ व १५ नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच खेलेगी।
एआईएफएफ के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने इस मैच को ब्राजील के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले एक कठिन परीक्षा और बेहद उपयोगी अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि आम तौर पर भारत को विश्व कप खेलने वाली टीमों के साथ खेलने का मौका कम ही मिलता है, इसलिए यह फीफा विंडो भारतीय खिलाड़ियों के अनुभव और तैयारी के लिहाज से काफी फायदेमंद साबित होगी।









