पोखरा में फेवा झील में कार गिरने से दो भारतीय नागरिकों की मौत, दो घायल

IMG-20260904-WA0139

पोखरा: नेपाल के पोखरा स्थित प्रसिद्ध फेवा झील में एक कार के अनियंत्रित होकर गिर जाने से दो भारतीय नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
​गंडकी प्रदेश पुलिस कार्यालय के अनुसार, हादसा पोखरा महानगरपालिका-१८ स्थित गौरीचौतारा मोड़ के पास हुआ। सेदी क्षेत्र से झील के किनारे की ओर जा रही बिहार पंजीकरण नंबर की एक कार अचानक चालक के नियंत्रण खो देने के कारण सुबह लगभग ४:५० बजे फेवा झील में जा गिरी।
​दुर्घटना में मारे गए लोगों में से एक की पहचान भारत के बिहार राज्य स्थित पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी २६ वर्षीय नवदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक भारतीय नागरिक की पहचान जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
​हादसे में घायल हुए दो अन्य यात्रियों की पहचान रक्सौल निवासी २७ वर्षीय अनमोल कुमार यादव और ३३ वर्षीय सूरज यादव के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को जलमग्न कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए पोखरा स्थित गंडकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
​घटना की जानकारी मिलते ही लगभग दो दर्जन सुरक्षाकर्मियों का बचाव दल मौके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को झील से बाहर निकालकर बैदाम वॉर्ड पुलिस कार्यालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

About Author

Advertisement