नई दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल बी. सी. खंडूरी (सेवानिवृत्त) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उपराष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा कि बी. सी. खंडूरी के निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, कुशल प्रशासक और दुर्लभ ईमानदारी वाले राजनेता को खो दिया है।
उन्होंने कहा कि भारत की सड़क अवसंरचना को नई दिशा देने में खंडूरी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। विशेष रूप से स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में उनकी दूरदर्शी भूमिका देश के विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित हुई।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि हाल ही में देहरादून यात्रा के दौरान उन्हें बी. सी. खंडूरी से मिलने का अवसर मिला था। उस दौरान दोनों नेताओं ने लोकसभा में साथ बिताए समय और पुराने संस्मरणों को याद किया था।
उन्होंने दिवंगत नेता के परिजनों, समर्थकों तथा उत्तराखंड की जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में ईश्वर से उन्हें संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।










