कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने राज्य में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर हो रही हालिया घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। गुरुवार सुबह न्यूटाउन स्थित इको पार्क में सैर के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था, राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इस दौरान उन्होंने पुलिस पर हमले, हथियारों की उपलब्धता, एसआईआर (SIR) के तहत मतदाताओं के नाम हटाए जाने और बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
पुलिस को निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए घोष ने बोलपुर के बाद आसनसोल के हीरापुर में हुई गोलीबारी का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर अपराधी इतने निडर कैसे होते जा रहे हैं और उनके पास इतने हथियार कहां से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने की घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
दिलीप घोष ने राज्य में लगातार हो रही डकैती और ठगी की वारदातों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दुर्गानगर और दमदम में स्वर्ण व्यापारी के घर हुई डकैती, त्रिवेणी में एक ज्योतिषी के घर हुई घटना तथा पार्क स्ट्रीट स्थित आभूषण शोरूम में जीएसटी अधिकारी के वेश में पहुंचे लोगों द्वारा की गई घटना का जिक्र किया।





