काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू के ठमेल स्थित एक होटल से पुलिस ने बड़ी मात्रा में नेपाली रुपये और विदेशी मुद्रा के साथ एक विदेशी नागरिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मालदीव के नागरिक युतिथ इब्राहिम और चितवन निवासी २० वर्षीय स्नेहा रिमाल के रूप में हुई है।
जिला पुलिस परिसर काठमांडू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दान बहादुर थापा के अनुसार, दोनों को ठमेल स्थित स्नोलाइन होटल से हिरासत में लिया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से ५० लाख ५० हजार नेपाली रुपये, ४ हजार २१५ ओमानी रियाल और ५५ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दिरहम बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद की गई नेपाली व विदेशी मुद्रा के स्रोत तथा गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।





