न्यूयोर्क: फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के राउंड ऑफ ३२ में २ जुलाई की देर रात क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अगुवाई वाली पुर्तगाल और लुका मोड्रिच की क्रोएशिया के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इस महासंग्राम से पहले क्रोएशियाई कप्तान मोड्रिच ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उनकी टीम किसी से भी नहीं डरती है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया है कि पुर्तगाल भी क्रोएशिया का सामना करने के मामले में सहज महसूस नहीं कर रहा होगा। ग्रुप चरण के अंतिम मैच में कोलंबिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ (०-०) के बाद पुर्तगाल ग्रुप उपविजेता बनकर नॉकआउट राउंड में पहुंचा है। वहीं दूसरी ओर क्रोएशिया ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में घाना को २-१ से पराजित कर राउंड ऑफ ३२ में अपनी जगह पक्की की है। २०१८ वर्ल्ड कप की उपविजेता और २०२२ वर्ल्ड कप में तीसरा स्थान हासिल करने वाली क्रोएशियाई टीम के कप्तान मोड्रिच ने कहा कि उनकी टीम इस बड़ी चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार है।
राष्ट्रीय टीम की आधिकारिक वेबसाइट से बातचीत के दौरान मोड्रिच ने कहा कि पुर्तगाल एक असाधारण और बेहद मजबूत टीम है, जिसके खिलाफ हमें अपनी पूरी ताकत के साथ लड़ते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि टूर्नामेंट में अगला प्रतिद्वंद्वी कौन होगा, इस बात से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि उन्हें पूरा भरोसा है कि क्रोएशिया को देखकर सामने वाली टीम भी सहज महसूस नहीं कर रही होगी। हमें किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है, बस मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा और अब अच्छी तरह से आराम करके मैच में शानदार प्रदर्शन करने पर ध्यान देना होगा। उल्लेखनीय है कि ४१ वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपना रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं और पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का अपना सपना पूरा करना चाहते हैं। पुर्तगाल की टीम में रोनाल्डो के साथ ब्रूनो फर्नांडीस, नूनो मेंडेस, रूबेन डियास, वितिन्हा और जोआओ नेवेस जैसे कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं।










