काेलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार के गठन की प्रक्रियाओं के बीच प्रशासनिक गलियारों में बड़ी हलचल देखी जा रही है। निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा नियुक्त किए गए सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों को सरकारी कार्यालयों में आने से रोक दिया गया है। राज्य के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला ने सभी विभागों के सचिवों को मौखिक निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जब तक नई सरकार का गठन नहीं हो जाता, तब तक इन अधिकारियों को दफ्तर में प्रवेश न दिया जाए।
सूत्रों के अनुसार, विभिन्न विभागों में सलाहकार के रूप में कार्यरत कई सेवानिवृत्त अधिकारियों ने पहले ही अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है और सरकारी आवास भी खाली करना शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को विशेष रूप से सतर्क रहने और महत्वपूर्ण फाइलों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी आधिकारिक दस्तावेज विभाग से बाहर न जा सके। हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा ने २९४ में से २०७ सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जबकि १५ वर्षों से सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस मात्र ८० सीटों पर सिमट गई है, जिसके कारण बंगाल के शासन तंत्र में अब बड़े बदलावों का दौर शुरू हो चुका है।









