टिकाऊ पर्यटन और पारिस्थितिकी संरक्षण से ‘ब्लू कार्बन इकोनॉमी’ को बढ़ावा देने पर जोर
रायचक (दक्षिण २४ परगना):
पर्यावरण संरक्षण, जलवायु लचीलेपन और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन विभाग ने दक्षिण २४ परगना जिला प्रशासन के सहयोग से रविवार को ‘विश्व मैंग्रोव दिवस २०२६’ का आयोजन किया। रायचक स्थित ताज गंगा कुटीर में आयोजित इस राज्य स्तरीय विशेष समारोह में प्रमुख नीति निर्माताओं, प्रशासकों, पर्यावरणविदों, पर्यटन हितधारकों और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य भाषण देते हुए पर्यटन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष ने कहा कि आर्थिक प्रगति और पारिस्थितिक संरक्षण को एक साथ आगे बढ़ना चाहिए। सुंदरबन को दुनिया की सबसे मूल्यवान पारिस्थितिक संपत्तियों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि मैंग्रोव प्रकृति के सबसे प्रभावी कार्बन सिंक हैं और समुद्री तूफानों तथा तटीय क्षरण के खिलाफ हमारी रक्षा की पहली पंक्ति हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भविष्य में सुंदरबन में पर्यटन को उच्च-मूल्य और कम-प्रभाव वाले मॉडल की ओर ले जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर राज्य सरकार ने सुंदरबन के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचाए बिना पर्यटन बुनियादी ढांचे, अंतर्देशीय जल परिवहन और सड़क कनेक्टिविटी को एकीकृत करने वाली एक व्यापक विकास योजना का प्रस्ताव रखा। इसके तहत पर्यटकों को मैंग्रोव संरक्षण से सीधे जोड़ने के लिए एक नई पहल की जा रही है, जिसमें सुंदरबन आने वाले प्रत्येक पर्यटक को कम से कम एक मैंग्रोव पौधा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा, भारत सरकार की ‘वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन’ पहल के तहत पश्चिम बंगाल से दार्जिलिंग और सुंदरबन को प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में प्रस्तावित किया गया है। नदी पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन विकल्प प्रदान करने के लिए कोलकाता को सीधे सुंदरबन से जोड़ने वाली जल परिवहन सेवाएं शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
तटीय संरक्षण के प्रति एकीकृत दृष्टिकोण दिखाते हुए उत्तर २४ परगना के नेबूखाली में भी एक साथ मैंग्रोव पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसे लाइव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रायचक के मुख्य कार्यक्रम से जोड़ा गया था।
समारोह के दौरान मैंग्रोव बहाली और पर्यावरण संरक्षण में अनुकरणीय योगदान के लिए ‘मैंग्रोव मैन’ के नाम से प्रसिद्ध उमाशंकर मंडल, अजंता डे, अनिल मिस्त्री, डॉ. अनामित्र अनुराग डांडा और ग्रीन ब्रिगेड संगठन को सम्मानित किया गया। पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वरुण कुमार राय के स्वागत भाषण से शुरू हुए इस कार्यक्रम में पर्यटन राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, सुंदरबन कार्य राज्य मंत्री दीपांकर जाना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अंत में दक्षिण २४ परगना के जिलाधिकारी अभिषेक कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।











