‘स्वास्थ्य साथी’ के ६ करोड़ लाभार्थी ‘आयुष्मान भारत’ में होंगे शामिल: मुख्यमंत्री
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राज्य सरकार ने एक बड़ा और नीतिगत फैसला लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को राज्य के प्रशासनिक मुख्यालय ‘नवान्न’ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए नए रोडमैप की घोषणा की।
इस दौरान सबसे बड़ा एलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक राज्य सरकार की ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना का लाभ लेने वाले करीब 6 करोड़ लोगों को केंद्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत’ योजना के दायरे में लाया जाएगा।
जुलाई तक लाभार्थियों को मिलेंगे आयुष्मान कार्ड
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में आम लोगों को जोड़ने के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार ने आगामी जुलाई महीने तक सभी लाभार्थियों को डिजिटल कार्ड मुहैया कराने का लक्ष्य रखा है। इस कार्ड के जरिए राज्य के लोग पश्चिम बंगाल के बाहर पूरे देश में कहीं भी कैशलेस इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
नए आवेदकों को भी मिलेगा मौका, बढ़ेगा दायरा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह योजना केवल पुराने लाभार्थियों तक सीमित नहीं रहेगी। जो लोग अब तक किसी भी तरह की स्वास्थ्य बीमा योजना से नहीं जुड़े हैं, वे भी आयुष्मान भारत के तहत नया आवेदन कर सकेंगे। इससे योजना का दायरा और अधिक व्यापक हो जाएगा।
जून के पहले हफ्ते में केंद्र के साथ होगा एमओयू
मुख्यमंत्री के मुताबिक, जून के पहले सप्ताह में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के बीच आधिकारिक समझौता (MoU) किया जाएगा। इस दौरान दोनों सरकारों के संबंधित मंत्री और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बाहर रहने वाले 1 करोड़ बंगालियों को भी राहत
राज्य सरकार का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल के करीब 1 करोड़ ऐसे लोग जो नौकरी या अन्य कारणों से राज्य से बाहर रहते हैं, उन्हें भी इस केंद्रीय योजना का सीधा फायदा मिलेगा।
पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला: “स्वास्थ्य क्षेत्र में होगा युगान्तकारी बदलाव”
इस मौके पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा केंद्र की योजनाओं में सहयोग न करने की हठधर्मिता के कारण राज्य के लाखों लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से महरूम रहे। सरकार का दावा है कि इस नई नीति से पश्चिम बंगाल के हेल्थ सेक्टर में एक बड़ा और “युगांतकारी बदलाव” देखने को मिलेगा।











