कोलकाता: पश्चिम बंगाल के आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) और पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने तथा नए अवसरों के सृजन को लेकर राज्य सरकार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई है।
बंगाल एसोसिएशन ऑफ होटल्स एंड रेस्तरां (बीएएचआर) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार डॉ. सुब्रत गुप्ता से नबान्न स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सुबोर्नो बोस के अनुसार, इस बैठक के दौरान राज्य के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को बढ़ावा देने, नया निवेश आकर्षित करने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर बेहद सार्थक चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद सुबोर्नो बोस ने डॉ. गुप्ता द्वारा दिए गए अमूल्य समय, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईआईएचएम) के प्रतिनिधियों सहित गौरव सोनेजा, रजनीश कुमार, मोलोय दत्ता और श्रींजय सेन भी उपस्थित थे।





