गैंगटॉक: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा पर्यटन परमिट राजस्व में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की बात स्वीकार किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिक्किम प्रदेश इकाई ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा सिक्किम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री तमांग के प्रभार वाले विभाग में वित्तीय अनियमितता का खुलासा होना विभाग के कामकाज, वित्तीय देखरेख और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
भाजपा का कहना है कि यह परमिट प्रणाली कई वर्षों से संचालित हो रही है, ऐसे में इतने लंबे समय से हो रही राजस्व हेराफेरी को महज एक प्रशासनिक चूक कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। ऐसे समय में जब राज्य और वहां की जनता गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है, तब यह जानना आवश्यक है कि यह गड़बड़ी किसके संरक्षण में हुई और इसमें कौन-कौन से अधिकारी या निजी लोग शामिल थे।
”सवाल सिर्फ यह नहीं है कि पैसा कहां गया, बल्कि सिक्किम की जनता यह जानना चाहती है कि खुद मुख्यमंत्री की नाक के नीचे इतने सालों तक यह अनियमितता कैसे चलती रही,” विज्ञप्ति में कहा गया।
भाजपा ने मुख्यमंत्री से इस मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराकर दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने कहा है कि सच्चाई को सामने लाने के लिए वह हर जरूरी कदम उठाएगी।









