​नीरज के साथ रोहित और यशवीर फाइनल में

IMG-20260730-WA0055

राष्ट्रमंडल खेल २०२६ के भाला फेंक में तीन भारतीय एथलीटों का दबदबा

ग्लासगो: ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल २०२६ की भाला फेंक (ज्यावलिन थ्रो) स्पर्धा में भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा सहित तीनों भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। गुरुवार को खेले गए क्वालिफिकेशन चरण में १८ एथलीटों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को ३-३ प्रयास दिए गए थे। नीरज ने शुरुआती दो प्रयासों में ही ७९.६१ मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर पांचवां स्थान हासिल किया और सीधे फाइनल का टिकट प्राप्त कर लिया। क्वालिफिकेशन चरण में कोई भी खिलाड़ी ८४ मीटर का क्वालिफाइंग मार्क पार नहीं कर सका, जिसके चलते सर्वश्रेष्ठ १२ थ्रो करने वाले खिलाड़ियों का चयन फाइनल के लिए हुआ।
​नीरज के साथ मैदान में उतरे भारत के अन्य दो युवा एथलीट रोहित यादव और यशवीर ने भी निराश नहीं किया और फाइनल में प्रवेश पाया। रोहित यादव ने अपने पहले प्रयास में ७७.०४ मीटर और दूसरे प्रयास में ७८.३७ मीटर का थ्रो करके नौवां स्थान हासिल किया। वहीं, शुरुआती दो प्रयासों में पिछड़ रहे यशवीर ने अपने अंतिम प्रयास में शानदार वापसी करते हुए ७८.३६ मीटर की दूरी तय की और १०वां स्थान हासिल करके फाइनल का टिकट पक्का किया। दूसरी ओर, अपनी लय हासिल करने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने इस सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ ७८.६३ मीटर थ्रो के साथ सातवां स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। क्वालिफिकेशन दौर में श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ८२.२४ मीटर थ्रो के साथ पहले, ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ८१.२९ मीटर के साथ दूसरे तथा दक्षिण अफ्रीका के डू स्मिट ८०.६४ मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
​उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा ने २०१८ के गोल्ड कोस्ट खेलों में स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन चोट के कारण वे २०२२ के बर्मिंघम खेलों में भाग नहीं ले सके थे। इस बार वे एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदार के रूप में मैदान में उतरे हैं। स्पर्धा का फाइनल मुकाबला ३१ जुलाई (भारतीय समयानुसार १ अगस्त की देर रात १२:४५ बजे) से शुरू होगा।

About Author

Advertisement