दिल्ली के आईटीओ पर भीषण सड़क हादसा: दो विधायक समेत कई घायल

delhi-ito-road-accident

नई दिल्ली: ​नई दिल्ली के इनकम टैक्स ऑफिस (आईटीओ) के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें दो विधायकों समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे में शामिल स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही थी। पीडब्लूडी कार्यालय के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई। इसी दौरान सामने से आ रही एक इनोवा कार से उसकी भीषण टक्कर हो गई।
​इनोवा कार में दिल्ली की किराड़ी विधानसभा से मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे। वहीं स्विफ्ट कार को आशुतोष पांडे नाम का व्यक्ति चला रहा था, जिसमें उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आई.पी. एस्टेट पुलिस थाना की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं।
​पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तुरंत पास के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, इलाज करा रहे सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। पुलिस और दमकलकर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की सटीक वजह जानने के लिए परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

About Author

Advertisement