राजकुमार राव निभाएंगे गांगुली का किरदार
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल और आक्रामक कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर रिलीज कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की भी घोषणा की है। यह फिल्म १४ मई २०२७ को एक विस्तारित हॉलिडे वीकेंड के दौरान सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली के उस ऐतिहासिक पल को जीवंत करते नजर आ रहे हैं, जब उन्होंने साल २००२ में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराई थी। यह पल भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार और बेखौफ दौर की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
यह फिल्म एक प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर से लेकर भारत के सबसे प्रभावशाली कप्तान बनने तक के सौरव गांगुली के प्रेरणादायक सफर, उनके संघर्ष और मजबूत इरादों की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी, जिसने भारतीय क्रिकेट की पूरी तस्वीर बदल दी थी।
’दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का निर्देशन जाने-माने निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने ने किया है। फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है, जबकि इसे गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज और डीबीएल द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है। ‘लव फिल्म्स’ के बैनर तले बनी यह फिल्म १४ मई २०२७ को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।










