दक्षिण अफ्रीका ने भारत को ९ विकेट से हराया, सीरीज पर बना ली बढ़त

IMG-20260423-WA0076

जोहानिसबर्ग: कप्तान लौरा वूल्भार्ट के बेहतरीन शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम ने भारत के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी-२० अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ३-० की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। बुधवार रात जोहानिसबर्ग के ‘द वंडरर्स’ स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को ९ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली है।
​मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित २० ओवरों में ४ विकेट खोकर १९२ रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ३८ गेंदों में ७ चौकों और ३ छक्कों की मदद से नाबाद ६६ रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा ने ६४ रनों की शानदार पारी खेली। स्मृति मंधाना के ३७ और ऋचा घोष के नाबाद १८ रनों के योगदान के बावजूद भारतीय गेंदबाज इस बड़े लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे।
​लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने महज १६.३ ओवर में १ विकेट खोकर १९३ रन बना लिए। कप्तान लौरा वूल्भार्ट ने महज ५३ गेंदों पर ११५ रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें १४ चौके और ५ छक्के शामिल थे। यह उनके टी-२० करियर का तीसरा शतक है। उनका भरपूर साथ देते हुए सुने लुस ने नाबाद ६४ रन बनाए। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए हुई १८३ रनों की साझेदारी ने भारत की जीत की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया। सीरीज का चौथा मैच अब इसी मैदान पर खेला जाएगा।

About Author

Advertisement