नई दिल्ली: भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण दक्षिणी यूरोप के कई देशों में जंगलों की आग तेजी से फैल रही है। हालात बेकाबू होते देख स्पेन, फ्रांस और इटली के प्रभावित इलाकों से हजारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
स्पेन ने राजधानी मैड्रिड और आविला प्रांत के रिहायशी इलाकों की ओर आग बढ़ते देख राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। मैड्रिड के पश्चिम में स्थित विला डेल प्राडो और सान मार्टिन दे वाल्देइग्लेसियास जैसे कस्बों में आग अब भी नियंत्रण से बाहर बनी हुई है।
उधर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताया कि देश के दक्षिण-पश्चिमी जिरोंद क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण है। वहां अब तक ८,७०० हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र जलकर खाक हो चुका है और करीब २०,००० लोगों को उनके घरों से निकाला गया है। बिगड़ते हालात को देखते हुए फ्रांस ने यूरोपीय संघ से आपातकालीन मदद की गुहार लगाई है।
वहीं इटली के सिसिली द्वीप पर भी आग तबाही मचा रही है। कासाबोली, बिवोना, अलीमेना और मदोनी प्राकृतिक उद्यान समेत कई इलाकों में आग तेजी से फैल रही है, जिसे बुझाने के लिए दमकलकर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं।











