डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में पहुंचीं एलिना स्वितोलिना

IMG-20261114-WA0061

इंडियन वेल्स: प्रतिष्ठित डब्ल्यूटीए फाइनल्स टेनिस प्रतियोगिता में एलिना स्वितोलिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल आर्यना सबालेंका को तीन सेटों में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, अमेरिका की युवा स्टार कोको गॉफ का अभियान समाप्त हो गया। दो मैच जीतने के बावजूद सेट प्रतिशत के आधार पर गॉफ सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। इसी तरह मीरा एंड्रीवा ने भी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
यूक्रेन की अनुभवी खिलाड़ी स्वितोलिना ने बेलारूस की सबालेंका को ६-३, ३-६, ६-१ से पराजित किया। स्वितोलिना ने चौथे मैच प्वाइंट पर मुकाबला अपने नाम किया। सबालेंका के खिलाफ छह साल में यह उनकी पहली जीत है। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक खेले गए आठ मुकाबलों में यह स्वितोलिना की केवल दूसरी जीत है।
पिछले साल की उपविजेता सबालेंका निर्णायक सेट में अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं। इसके विपरीत, यूक्रेनी खिलाड़ी ने दूसरा सेट गंवाने के बाद निर्णायक सेट में शानदार वापसी की और प्रतिद्वंद्वी को ज्यादा मौके नहीं दिए।
मैच के दौरान सबालेंका कई बार खुद से बातचीत करती नजर आईं। मुकाबला हारने के बाद उन्होंने कोर्ट पर अपनी निराशा भी जाहिर की। उन्होंने सिर हिलाकर और इशारों के जरिए अपनी नाराजगी व्यक्त की। हार के बाद उदास दिखीं सबालेंका ने मीडिया से भी बातचीत नहीं की।
अब सेमीफाइनल में स्वितोलिना का मुकाबला विंबलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा से होगा। चार साल पहले मां बनने के बाद खेल में वापसी कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वितोलिना ने कहा, “मैं चाहती हूं कि मेरी बेटी मुझे चैंपियन बनते हुए देख सके।”
इस बीच, अमेरिकी खिलाड़ी गॉफ बेहद मामूली अंतर से सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। उन्होंने अपने तीन राउंड रॉबिन मुकाबलों में से दो में जीत दर्ज की थी। लिंडा नोस्कोवा और जेसिका पेगुला ने भी दो-दो मैच जीते थे, इसलिए फैसला सेट प्रतिशत के आधार पर हुआ। पेगुला की तुलना में एक सेट कम जीतने के कारण गॉफ को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
इसी तरह, रूस की युवा खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा ने डायना श्नाइडर को ६-२, ६-१ से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

About Author

Advertisement