जापान ओपन के फाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, खिताब के लिए रविवार को उतरेंगी कोर्ट पर​

IMG-20260718-WA0045

टाेक्याे: भारत की अनुभवी और दिग्गज शटलर पीवी सिंधु दो साल के लंबे अंतराल के बाद पहली बार किसी बड़े बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में सफल रही हैं। महिला एकल वर्ग के एक बेहद रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में टोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता और चीन की मजबूत खिलाड़ी चेन यू फेई के ‘रिटायर्ड हर्ट’ होने के बाद दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने जापान ओपन सुपर ७५० बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच के दूसरे गेम के दौरान विश्व की नंबर ४ खिलाड़ी चेन यू फेई हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैच छोड़ने पर मजबूर हो गईं। चीनी खिलाड़ी के कोर्ट से हटने से पहले तक सिंधु ने पहले गेम में २१-१९ और दूसरे गेम में १५-१० की बढ़त बनाकर मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी।​वर्ष २०२४ में सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के बाद सिंधु का यह पहला बड़ा फाइनल मुकाबला होगा। इससे पहले वे मलेशिया ओपन सुपर ५०० में उपविजेता रही थीं, जबकि उन्होंने अपना आखिरी बड़ा खिताब वर्ष २०२२ में सिंगापुर ओपन सुपर ५०० के रूप में जीता था। विश्व रैंकिंग में १२वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु आज के मैच में चौथी वरीयता प्राप्त चेन के खिलाफ ‘हेड-टू-हेड’ रिकॉर्ड में ६-८ से पिछड़कर कोर्ट पर उतरी थीं। पिछली चार भिड़ंतों में चेन से लगातार शिकस्त झेलने वाली सिंधु ने चीनी खिलाड़ी को आखिरी बार वर्ष २०१९ की विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में मात दी थी। आज के मुकाबले में भारतीय शटलर ने अपने शानदार खेल कौशल और भाग्य के बेहतरीन साथ से फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।​मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए सिंधु ने पहले गेम के मध्य तक ११-७ की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद चेन ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर को १८-१८ की बराबरी पर ला खड़ा किया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखते हुए पहला गेम २१-१९ से अपने नाम कर लिया। इसी विजयी लय को दूसरे गेम में भी जारी रखते हुए सिंधु ने जब १५-१० की बढ़त बना ली थी, तभी चीनी खिलाड़ी चोट के चलते मैच से हटने को विवश हो गईं। अब आगामी रविवार को खेले जाने वाले प्रतिष्ठित फाइनल मुकाबले में सिंधु का सामना जापान की अकाने यामागुची और इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वरडानी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता खिलाड़ी से होगा।

About Author

Advertisement