बेंगलुरु: आईपीएल २०२६ के 34वें मैच में गत सीजन की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने गुजरात टाइटन्स को आसानी से ५ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ आरसीबी ७ मैचों में १० अंकों के साथ बेहतर नेट रन रेट के आधार पर आईपीएल पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। लगातार दूसरी हार झेलने वाली गुजरात टाइटन्स ६ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने ओपनर साई सुदर्शन के शतक (१०० रन) की मदद से २० ओवर में ३ विकेट खोकर २०५ रन का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में आरसीबी ने १८.५ ओवर में ५ विकेट खोकर २०६ रन बनाकर मैच जीत लिया।
ओपनर जैकब बेथेल सिर्फ १४ रन बनाकर आउट हुए, तब आरसीबी का स्कोर २६ रन था। इसके बाद अनुभवी विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए ११५ रन की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कोहली ने ८ चौके और 4 छक्कों की मदद से ४४ गेंदों पर ८१ रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने ६ छक्के और २ चौकों के साथ २७ गेंदों पर ५५ रन बनाए।
कप्तान रजत पाटीदार ८ और जितेश शर्मा १० रन बनाकर आउट हुए, लेकिन टिम डेविड १० और क्रुणाल पांड्या २३ रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाई। गुजरात की ओर से स्पिनर राशिद खान ने सबसे ज्यादा २ विकेट लिए।
इससे पहले गुजरात की पारी में साई सुदर्शन का शतक मुख्य आकर्षण रहा। उन्होंने ५८ गेंदों पर ११ चौके और ५ छक्कों की मदद से १०० रन बनाए। सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए १२.४ ओवर में १२८ रन की साझेदारी की। गिल ने २४ गेंदों पर ३२ रन बनाए। इसके अलावा जोस बटलर ने २५ रन का योगदान दिया, जबकि वाशिंगटन सुंदर १९ और जेसन होल्डर २३ रन बनाकर नाबाद रहे।










